शिरोमणि अकाली दल (बादल) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पंजाब में अगली सरकार अकाली दल अपने दम पर बनाएगा। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर महिलाओं की समस्याएं सुनने के लिए अलग विभाग बनाया जाएगा और इसमें एडीजीपी रैंक के अधिकारी को तैनात किया जाएगा। हरसिमरत कौर सोमवार को गुरुहरसहाए में आयोजित ‘मावां धीयां दी ललकार’ रैली को संबोधित कर रही थीं। हरसिमरत कौर ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले आप ने पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन सरकार अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नशा खत्म करने का वादा पूरा नहीं कर सके तो हाथों में चूड़ियां पहन लें। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर गांवों में महिलाओं की कमेटियां गठित की जाएंगी। ये कमेटियां नशा बेचने वालों पर नजर रखेंगी और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन को सूचना देंगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानून बनाया जाएगा और नशा बेचने वालों को दस साल तक की सजा का प्रावधान किया जाएगा। हरसिमरत कौर ने कहा कि बादल सरकार के कार्यकाल के दौरान ही पंजाब के थानों में महिलाओं की भर्ती शुरू की गई थी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में नशे की समस्या खत्म नहीं होने के कारण महिलाओं में आम आदमी पार्टी सरकार के प्रति काफी रोष है। रैली के बाद हरसिमरत कौर गुरुहरसहाए में नशे के सेवन से जान गंवाने वाले विक्रम के परिवार से भी मिलीं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने दोहराया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अकाली दल अकेले चुनाव लड़कर अपनी सरकार बनाएगा।