फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद हवालातियों से मोबाइल फोन बरामद होने का सिलसिला लगातार जारी है। जेल प्रशासन ने विभिन्न बैरकों में तलाशी अभियान चलाकर 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में थाना सिटी पुलिस ने 10 हवालातियों के खिलाफ प्रिजन्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल के सहायक अधीक्षक जसवंत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जेल अधीक्षक के निर्देश पर कर्मचारियों ने वीरवार रात विभिन्न बैरकों में तलाशी ली। इस दौरान बलजीत सिंह, मंगलदीप सिंह, अमनदीप सिंह, गोल्डी उर्फ गोबिंद, प्रितपाल सिंह, जसविंदर सिंह, तीरथ सिंह गुरु, हरमिंदर सिंह, जसकरण सिंह और लवप्रीत सिंह उर्फ कर्ण से कुल 20 मोबाइल फोन बरामद हुए। डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि सभी हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। मोबाइल जेल में पहुंचने के माध्यम की जांच होगी। किसी जेल अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।