बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान मंगलवार को अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने पहुंचीं। इस दौरान वे भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वह अपनी मां अमृता सिंह को याद कर रही थीं।अभिनेत्री के साथ मौजूद गाइड सरबजीत सिंह ने बताया कि सारा अली खान की इच्छा थी कि वह अपनी मां को भी श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करवाएं। इसके लिए उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अपनी मां को पवित्र स्थल के दर्शन करवाने के बारे में पूछा था। हालांकि, श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में मोबाइल फोन से वीडियो कॉल करने और वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होने के कारण उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। सरबजीत सिंह के मुताबिक, गोल्डन टेंपल में रहने के दौरान सारा भावुक दिखाई दीं। इस दौरान का वीडियो भी सामने आया है। दर्शन करने के बाद जब सारा अली खान गोल्डन टेंपल से बाहर आईं तो उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अपनी मां की बहुत याद आ रही है। यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। दोनों कलाकारों के अमृतसर पहुंचने को लेकर उनके प्रशंसकों में भी उत्सुकता रही। फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर अमृतसर पहुंचे कलाकारों के कार्यक्रम में धार्मिक आस्था और देशभक्ति का संगम देखने को मिला। श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के बाद अटारी बॉर्डर पहुंचकर रिट्रीट सेरेमनी देखना उनके दौरे का प्रमुख हिस्सा रहा। ऐसे में दोनों कलाकारों ने अपने दौरे के दौरान गुरु घर में माथा टेकने के साथ भारत-पाकिस्तान सीमा पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी का भी आनंद लिया।