भुलत्थ के नजदीकी गांव लिटां और पंडोरी राजपूतां में बीती रात अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। चोर हवेलियों में घुसकर सो रहे वर्करों के मोबाइल फोन और पर्स चोरी कर ले गए। वहीं, एक जगह कार की तलाशी लेने के बाद घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार का शीशा तोड़कर करीब छह हजार रुपये की नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। लगातार हुई वारदातों से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस को दी जानकारी के अनुसार, गांव लिटां निवासी जतिंदर सिंह पुत्र मलकीत सिंह ने बताया कि उनकी आटे की चक्की है। चक्की के पीछे बनी हवेली में उनके दो वर्कर सो रहे थे। रात के समय अज्ञात व्यक्ति हवेली में दाखिल हुए और एक वर्कर का पर्स व मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। दूसरी वारदात गांव पंडोरी राजपूतां में हुई। कमलजीत सिंह पुत्र जसपाल सिंह ने बताया कि उनकी हवेली में भी दो वर्कर सो रहे थे। अज्ञात व्यक्ति बाहर का दरवाजा फांदकर अंदर दाखिल हुए और वहां खड़ी डिजायर कार की तलाशी ली। इसके बाद पास सो रहे एक वर्कर का मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। तीसरी वारदात में अज्ञात लोगों ने एक घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कार में रखी करीब छह हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। बिना नंबर प्लेट के प्लैटिना पर घूमता दिखा संदिग्ध वारदातों से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर प्लेट वाली प्लैटिना मोटरसाइकिल पर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। एसएचओ भुलत्थ हरजिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाओं की जांच की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और वारदातों में शामिल लोगों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। छ दिन पहले भुलत्थ में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई थीं, जहां तीन कारों के शीशे तोड़े गए थे। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर रोक लगाने की मांग की है।