अमृतसर शहर में मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात लोहारा रोड पर हुई, जहां मैड संधू को दो गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पीएस विर्क ने बताया कि मैड संधू सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं। उन्हें लोहारा रोड पर दो गोलियां लगी थीं। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डीसीपी ने बताया कि घटना के संबंध में परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की शुरुआती जांच कर रही है और कुछ सुराग भी मिले हैं। उन्होंने बताया कि अभी जांच शुरुआती चरण में है, इसलिए हमलावरों या घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी साझा करना जल्दबाजी होगी।