फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमृतसर में सड़क हादसे के बाद मारपीट, 35 वर्षीय युवक की मौत

सड़क हादसे के बाद कथित मारपीट में घायल हुए 35 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरिंदर चौहान के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार युवकों ने घायल सुरिंदर की मदद करने के बजाय उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिवार के मुताबिक, सुरिंदर अपने बच्चे की दवा लेने गया था। वापस लौटते समय बच्चे ने मोमोज खाने की जिद की, जिसके बाद वह मोमोज लेने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर आ रहे दो युवकों की उससे टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सुरिंदर सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद बाइक सवारों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय कथित तौर पर पीटना शुरू कर दिया। परिवार के अनुसार, मारपीट के बाद सुरिंदर की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब एक दिन उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसके सिर पर गंभीर चोटें होने की बात कही है। मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि सुरिंदर परिवार का मुख्य कमाने वाला था। उसके पीछे पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है। परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही सरकार से आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायत मिलने के बाद बाइक सवारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें