अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अमृतसर पुलिस की ओर से ऑपरेशन CASO के तहत घर-घर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस टीमों ने पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना, नशा तस्करी में संलिप्त तत्वों की पहचान करना और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन अमृतसर प्रभजोत सिंह विर्क ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की ओर से समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के जरिए असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ अपराध और नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।