पंजाब सरकार की ओर से ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन का आगाज कर दिया गया है। इस संबंध में अमृतसर जिला प्रशासनिक परिसर में अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने प्रेसवार्ता कर खेलों के महत्व और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। डॉ. निज्जर ने बताया कि ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 8 से 19 सितंबर तक होंगी। इनमें आठ खेल शामिल हैं। इस बार टेनिस बॉल क्रिकेट को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। इसके बाद 24 से 30 सितंबर तक जिला स्तरीय मुकाबले होंगे, जिनमें 38 खेलों में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में 14 से 70 वर्ष तक के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। महिलाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी भागीदारी का अवसर रखा गया है। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी को 10 हजार, दूसरे को 7 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 5 हजार रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे। निज्जर ने कहा कि खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए इस वर्ष 1700 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। करीब 1300 गांवों में रनिंग ट्रैक, फुटबॉल व वॉलीबॉल मैदान, वॉकिंग ट्रैक और झूले तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों और मीडिया से भी टीमें बनाकर प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।