अमृतसर में आयोजित किए जा रहे आईटीएम अमृतसर 2026 में पंजाब पर्यटन विभाग के साथ देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभाग भी हिस्सा ले रहे हैं। गोवा और दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से अपने प्रमुख पर्यटन स्थलों, हेरिटेज सर्किट और नए पर्यटन अनुभवों को ट्रैवल एजेंटों व टूर ऑपरेटरों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। गोवा पर्यटन विभाग के अधिकारी कदार नायक ने बताया कि गोवा अपने समुद्र तटों और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है, लेकिन अब वहां मानसून टूरिज्म, योग, मेडिटेशन समेत कई नए पर्यटन अनुभव विकसित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आईटीएम में आने का उद्देश्य गोवा के नए पर्यटन उत्पादों को पंजाब और अन्य राज्यों के ट्रैवल ट्रेड से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अमृतसर और गोवा के बीच पहले सीधी हवाई सेवा उपलब्ध थी। उम्मीद है कि भविष्य में यह सेवा दोबारा शुरू हो सकती है, जिससे पंजाब से गोवा जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। आईटीएम के दौरान बी2बी सत्रों के जरिये पर्यटन कारोबार को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। दिल्ली पर्यटन विभाग के अधिकारी अतुल पांडे ने बताया कि दिल्ली में नए हेरिटेज और आध्यात्मिक सर्किट को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसमें गुरुद्वारा बंगला साहिब, बावली, लोटस टेंपल और अक्षरधाम जैसे प्रमुख स्थलों को एक टूर से जोड़ने की योजना है। वहीं, पंजाब पर्यटन विभाग की टूरिस्ट अधिकारी मंदीप कौर ने कहा कि पंजाब के कई अनछुए पर्यटन और हेरिटेज स्थलों को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने की जरूरत है। गोबिंदगढ़ किला, शाही किला समेत अन्य विरासत स्थलों के साथ फार्म टूरिज्म और बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे पर्यटक पंजाब के गांवों, खान-पान और संस्कृति को करीब से समझ सकेंगे। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं से जुड़कर पंजाब की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया तक पहुंचाने की अपील की।