नारनौल। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जयपुर मंडल के पांच स्टेशनों पर प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य पूरा कर लिया है। इस कदम से साखुन, नुआं, जीलो, अमरपुर जोरासी और अरनिया स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा। रेलवे यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी और आधुनिकीकरण के तहत यह कार्य कर रहा है। साखुन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक को रेल लेवल से हाई लेवल किया गया है। नुआं स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो को मीडियम लेवल से हाई लेवल में बदला गया है। नुआं में प्लेटफॉर्म का 175 मीटर विस्तार भी किया गया है। जीलो, अमरपुर जोरासी और अरनिया स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म नंबर एक को मीडियम लेवल से हाई लेवल किया गया है। इन कार्यों का उद्देश्य यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, संरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना है। इससे प्लेटफॉर्म की उपयोगिता और यात्री आवागमन में सुधार होगा। ट्रेन में सुरक्षित चढ़ने-उतरने की सुविधा भी बेहतर होगी। इन उन्नयन कार्यों से यात्रियों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ने से ट्रेन में चढ़ना और उतरना आसान तथा सुरक्षित हो जाएगा। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को सुविधा होगी। रेलवे का लक्ष्य यात्री-केंद्रित सेवाओं को मजबूत करना है। ये कार्य रेलवे की परिचालन दक्षता को भी सुदृढ़ करेंगे।