फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमरिया: बांधवगढ़ में रोमांचक नजारा, रात के सन्नाटे में सड़क पार करता दिखा बाघ, राहगीरों ने कैमरे में किया कैद

Mon, 16 Nov 2026 07:55 AM IST
उमरिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया

विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के आसपास वन्यजीवों की मौजूदगी एक बार फिर सामने आई है। ताला-मानपुर सड़क पर रात के सन्नाटे के बीच एक बाघ सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया। इस रोमांचक नजारे को किसी राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जंगल के बीच से निकलकर बाघ को सड़क पार करते हुए देखा जा सकता है।

बताया जा रहा है कि यह नजारा रात के समय का है, जब सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ था। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से बाघ सड़क पर पहुंचा और बिना किसी जल्दबाजी के सड़क पार कर दूसरी ओर चला गया। कुछ समय के लिए सड़क पर मौजूद लोगों की नजरें इस खूंखार वन्यजीव पर टिक गईं। मोबाइल कैमरे में कैद इस दृश्य ने लोगों को रोमांचित कर दिया है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का ताला और मानपुर क्षेत्र बाघों की अच्छी-खासी आबादी के लिए जाना जाता है। यहां जंगलों के बीच से गुजरने वाले मार्गों पर अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही देखने को मिलती है। कभी बाघ सड़क किनारे टहलते नजर आते हैं तो कभी अचानक सड़क पार करते हुए दिखाई देते हैं। ऐसे नजारे पर्यटकों और राहगीरों के लिए रोमांच का विषय जरूर बनते हैं, लेकिन इनके साथ सावधानी बरतना भी बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: दो मुख्य सचिवों को एक्सटेंशन दे चुकी मोहन सरकार, क्या अशोक बर्णवाल को भी मिलेगा सेवा विस्तार?

वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर ताला-मानपुर मार्ग से गुजरने वाले लोगों के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क पर सतर्कता को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। जंगल से गुजरने वाले रास्तों पर रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि अचानक सामने आने वाला वन्यजीव वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकता है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार जंगल के बीच से गुजरने वाले मार्ग वन्यजीवों के प्राकृतिक आवागमन का हिस्सा हैं। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करना चाहिए और बाघ या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर वाहन रोककर सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए। उनके पीछे जाना, हॉर्न बजाना या उन्हें परेशान करने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है। फिलहाल सड़क पार करते बाघ का यह वीडियो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जंगल के इस राजा की रात के अंधेरे में सड़क पार करने की अदा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बांधवगढ़ की धरती पर वन्यजीवों का अपना अलग ही संसार है।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें