फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कूनो से लापता मादा चीता निर्वा मिली: शिवपुरी के पास वन विभाग ने खोजा, 50 से ज्यादा वनकर्मियों की मेहनत लाई रंग

Thu, 03 Sep 2026 04:19 PM IST
श्योपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, श्योपुर

कूनो नेशनल पार्क से बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पिछले कई दिनों से लापता दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता निर्वा को वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक तलाश कर लिया है। मादा चीता निर्वा शिवपुरी जिले के पास मिली, जिसके बाद वन विभाग और चीता प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के मुताबिक मादा चीता निर्वा 20 अगस्त से अपने शावकों से अलग होने के बाद लापता थी। निर्वा की लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन उसके रेडियो कॉलर के सैटेलाइट सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही थी। इससे वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी।

निर्वा की तलाश के लिए 50 से अधिक वनकर्मियों और अनुभवी चीता ट्रैकर्स को लगाया गया था। अलग-अलग क्षेत्रों में पांच विशेष टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। जंगलों के साथ-साथ कूनो नेशनल पार्क की सीमा से बाहर के संभावित इलाकों में भी चीता की तलाश की जा रही थी।

पढ़ें: 19 सितंबर को इंदौर आएंगे राहुल गांधी, नेहरू स्टेडियम की अनुमति पर सीएम यादव को लिखा गया पत्र

इसी दौरान वन विभाग को शिवपुरी जिले के एक इलाके में चीते की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही विशेष टीम मौके पर पहुंची और सघन सर्चिंग शुरू की गई। इसके बाद रेडियो सिग्नल की मदद से टीम आखिरकार मादा चीता निर्वा तक पहुंचने में सफल रही।

निर्वा के मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। कई दिनों से चल रहा सर्च ऑपरेशन अब सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। हालांकि निर्वा कूनो से इतनी दूर कैसे पहुंची और इस दौरान उसने किन-किन इलाकों में मूवमेंट किया, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गौरतलब है कि कूनो नेशनल पार्क में चीतों की सुरक्षा और मॉनिटरिंग के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन कॉलर के सैटेलाइट सिस्टम में खराबी आने के कारण निर्वा की लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया था। ऐसे में वनकर्मियों और चीता ट्रैकर्स की लगातार मेहनत आखिरकार रंग लाई। 20 अगस्त से लापता निर्वा के मिलने को कूनो चीता प्रोजेक्ट के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब वन विभाग उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच और आगे की मॉनिटरिंग करेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें