फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहडोल: बाणसागर बांध के छह गेट खुले, सोन नदी में छोड़ा जा रहा पानी; प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल Updated Sun, 30 Aug 2026 07:22 PM IST

बाणसागर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बांध के छह गेट खोल दिए गए हैं। रविवार को बांध से नियंत्रित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। पानी की निकासी शुरू होने के बाद सोन नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

बाणसागर पक्का बांध संभाग क्रमांक-3 के कार्यपालन यंत्री द्वारा जारी पत्र के अनुसार बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। 30 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे बांध का जलस्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि बांध का पूर्ण जलभराव स्तर (एफआरएल) 341.64 मीटर है। यानी बांध का जलस्तर पूर्ण जलभराव स्तर से महज 0.06 मीटर नीचे पहुंच गया था।

ये भी पढ़ें- एमपी में बाढ़ के हालात: सतना-चित्रकूट में तबाही, पुल बहा-रेलवे ट्रैक डूबा, आज 10 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी और कैचमेंट क्षेत्र में बारिश की सक्रियता को देखते हुए बांध प्रबंधन ने गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की है। पूर्व में जारी आदेश के अनुसार छह रेडियल गेट को दो-दो मीटर खोलकर स्पिलवे के माध्यम से सोन नदी में पानी छोड़े जाने की योजना बनाई गई थी। फिलहाल गेट खोल दिए गए हैं और नियंत्रित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने की अपील की है। खासकर निचले क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नदी में पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में पुल-पुलियों और रपटों को पार नहीं करने की सलाह भी दी गई है।

अधिकारियों ने मैदानी अमले को भी अलर्ट रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं का पालन करें। बांध के गेट खुलने के बाद अब सोन नदी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें