सतना में कोलगवा थाना क्षेत्र के कृपालपुर में अवैध शराब बिक्री के विरोध मे स्थानीय निवासियों एवं महिलाओं ने सड़क में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और शराब बिक्री बंद करवाने पुलिस-प्रशासन से माँग की। स्थानीय लोगों के भारी विरोध के चलते पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर अवैध शराब बिक्री के करने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
विद्यालय के बगल में शराब बेचने से भड़की महिलाएं
जानकारी के मुताबिक कृपालपुर के वार्ड क्रमांक 16 पूरेनिहा बस्ती में कई वर्षों से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है, विद्यालय के बगल से शराब बिक्री किए जाने से बच्चों के जीवन में बुरा प्रभाव पड़ रहा है। वहीं बस्ती में खुलेआम बिक रही अवैध शराब पीने से कई घर उजड़ गए, कई लोग अपराधी हो गए। ऐसी घटनाओं से परेशान होकर महिलाओं ने सड़क में उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें- दमोह में जुआ फड़ पर कार्रवाई के बाद शख्स की मौत: परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप; नौ पुलिसकर्मी लाइन अटैच
पुलिस प्रशासन ने किराना दुकान से जब्त की अवैध शराब
महिलाओं ने बारिश मे भी तकरीबन दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन में पुलिस प्रशासन की ओर से एसडीएम राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी सहित पुलिस एवं प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी पहुंचे और अमन किराना स्टोर सहित कई जगह छापामार कार्रवाई की गई, जहां से अवैध शराब पकड़ी गई। कार्रवाई जारी है। वहीं पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओ को आश्वासन दिया गया कि बस्ती में अवैध शराब बिक्री नहीं करने दिया जाएगा, इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।
स्थानीय पुलिस और आबकारी टीम पर उठे सवाल
नगर निगम क्षेत्र के कृपालपुर में बस्ती के अंदर कई किराना दुकानों से अवैध शराब पर कार्रवाई की गई, अवैध शराब भी जब्त की गई, आरोपी भी पकड़े गए। इसके बाद से स्थानीय कोलगवां थाना और आबकारी विभाग के उड़नदस्ता टीम की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कोलगवा पुलिस और आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर अवैध शराब कारोबारियो को हिफाजत का आरोप लगाया है।