फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नर्मदापुरम: 51 हजार दीपों से जगमगाया सेठानी घाट, नर्मदा की लहरों पर दिखा रोशनी का अद्भुत नजारा

Thu, 17 Sep 2026 10:50 PM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के तहत नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा सेठानी घाट जगमगा उठा और नर्मदा की लहरों पर भी दीपों की सुनहरी रोशनी झिलमिलाती दिखाई दी।

गुरुवार शाम सेठानी घाट का नजारा देखते ही बन रहा था। घाट की सीढ़ियों पर सजे दीपों की कतारें दूर तक चमकती नजर आईं। एक साथ हजारों दीपों के प्रज्वलित होने से घाट रोशनी से नहा उठा। नर्मदा की शांत लहरों पर पड़ती दीपों की रोशनी ने आयोजन के दृश्य को और आकर्षक बना दिया। ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल भी शामिल हुए। उन्होंने मां नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद का दीपक प्रज्वलित किया। इसके बाद मुख्य सचिव ने मां नर्मदा की महाआरती में सहभागिता की।

ये भी पढ़ें- उज्जैन में कीर्तिमान: तीन मिनट में 33 लाख दीपों की रोशनी में नहा उठी अवंतिका नगरी, आशीर्वाद के दीये से शुरुआत

महाआरती के दौरान सेठानी घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आया। आरती की गूंज और दीपों की रोशनी के बीच बड़ी संख्या में लोग आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान नर्मदाष्टक का सामूहिक पाठ भी किया गया। दीपों से सजे घाट, नर्मदा की लहरों पर झिलमिलाती रोशनी और महाआरती के दृश्य ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक सेठानी घाट पहुंचे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।

इधर, प्रदेश में शुरू किए गए स्वामित्व अभियान को लेकर विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बड़ा अभियान है, जिसके तहत हजारों लोगों को उनके पट्टों का मालिकाना हक दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। विधायक ने बताया कि पहले पट्टे मिलने के बावजूद लोगों को कई तरह की सीमाओं का सामना करना पड़ता था। पट्टाधारक अपनी जमीन को बेच, हस्तांतरित या गिरवी नहीं रख सकते थे। अब प्रदेश सरकार ने पट्टाधारकों को मालिकाना हक देने का निर्णय लिया है। इसी निर्णय के तहत अब पट्टों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू की गई है। विधायक के मुताबिक स्वामित्व अभियान के माध्यम से पट्टाधारकों को उनकी जमीन का मालिकाना हक देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें