फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडला में शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश: 21 लाख से अधिक की चोरी का खुलासा, जेवर और दो बाइक बरामद, पांच गिरफ्तार

Thu, 05 Nov 2026 06:21 PM IST
मंडला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडला

जिले की महाराजपुर थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, 2 हजार रुपए नकद और चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटर साइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में गिरोह ने मंडला, जबलपुर और डिंडोरी जिले में करीब दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार इन वारदातों में कुल 21 लाख 29 हजार 700 रुपए के माल की चोरी का खुलासा हुआ है।

सूरजपुरा की चोरी से मिला सुराग
मामले का खुलासा 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम सूरजपुरा निवासी कमलेश धुर्वे की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने पुलिस को बताया था कि परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर के लोहे के गेट और पेटी का ताला टूटा मिला। घर से चांदी की एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया और 2 हजार रुपए नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 32 हजार रुपए बताई गई थी।

शिकायत के बाद महाराजपुर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में करण धुर्वे (20), विजय मरावी (28), मनोज धुर्वे उर्फ किसन (25), अरवेद उर्फ भूपेंद्र धुर्वे (23) और एक 16 वर्षीय किशोर शामिल है।

ये भी पढ़ें: उज्जैन कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त का छापा: उज्ज्वला योजना में फर्जीवाड़ा, 20 हजार की घूस लेते बाबू गिरफ्तार

तीन जिलों में चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र में पांच, मोहगांव थाना क्षेत्र में पांच और नैनपुर थाना क्षेत्र में एक स्थान पर चोरी करना स्वीकार किया है। इसके अलावा जबलपुर जिले के बरेला और डिंडोरी जिले के मेहंदवानी थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात सामने आई है।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि महाराजपुर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जिसने पिछले कुछ दिनों में मंडला जिले में करीब एक दर्जन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों को पकड़ने के बाद पुलिस टीम बनाकर वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में गिरोह ने मंडला और आसपास के जिलों में दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों में संलिप्तता बताई है।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए हैं और कुछ चोरी का सामान भी बरामद किया है। फिलहाल महाराजपुर के एक प्रकरण में चोरी गया माल बरामद कर लिया गया है। मामले में पांच मुख्य आरोपी सामने आए हैं, जबकि अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी मिली है। आरोपियों से आगे पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद चोरी की अन्य वारदातों और संभावित आरोपियों के संबंध में भी खुलासा हो सकता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें