मंडला जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। दाता मैरिज गार्डन के पास स्थित एक घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य दोपहर के समय किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर करीब 20 तोला सोना, 10 से 15 तोला चांदी और नगदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीओपी और महाराजपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें- शैंपू मांगने के बहाने बुजुर्ग की 12 ग्राम सोने की चेन लूटकर बदमाश फरार, दिनदहाड़े वारदात
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और मात्रा का आकलन किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, पीड़ित परिवार सदमे में है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।