फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की जान पर संकट: दो दिन में दूसरी बार नाव के इंजन में लगी आग, प्रशासन ने दी चेतावनी

Mon, 16 Nov 2026 02:58 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ओंकारेश्वर

जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में दर्शन और पर्यटन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा इन दिनों सवालों के घेरे में है। नर्मदा नदी में संचालित होने वाली नावों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की सुबह एक बार फिर एक नाव के इंजन में अचानक आग भड़क उठी। राहत की बात यह रही कि उस समय नाव में कोई सवारी नहीं थी। पिछले महज दो दिनों के भीतर यह इंजन में आग लगने की दूसरी घटना है। इन हादसों ने नर्मदा में सफर करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था और नावों में इस्तेमाल हो रहे इंजनों की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी है।

बाल-बाल बची थी 10 श्रद्धालुओं की जान
बता दें कि दो दिन पहले भी नर्मदा में सैर कर रही एक नाव के इंजन में आग लग गई थी। उस वक्त नाव में करीब 8 से 10 श्रद्धालु सवार थे। गनीमत रही कि आसपास मौजूद अन्य नाविकों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और दूसरी नावों की मदद से सभी श्रद्धालुओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। वहीं सोमवार सुबह जिस नाव में आग लगी, वह जितेंद्र पिता रमेश केवट की बताई जा रही है।

राजनीतिक दबाव में अनफिट इंजन को दी थी मंजूरी?
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद मां रेवा माझी नाविक संघ के अध्यक्ष भोलाराम केवट ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व एसडीएम शिवम प्रजापति ने होंडा कंपनी के लंबी शाफ्ट वाले इंजन को सुरक्षा के लिहाज से अनुपयुक्त मानते हुए रिजेक्ट कर दिया था। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते प्रशासन ने बाद में इसी इंजन को संचालन की अनुमति दे दी। 

ये भी पढ़ेंं: सतना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.50 लाख की ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, सरगना महिला फरार

भोलाराम केवट ने तकनीकी खामी बताते हुए कहा कि इस इंजन में पेट्रोल टैंक सबसे ऊपरी हिस्से में लगा होता है, जबकि स्पार्क प्लग ठीक उसके नीचे रहता है। ऐसे में पेट्रोल का हल्का रिसाव होने पर भी प्लग की चिंगारी से आग भड़कने का खतरा बना रहता है, जो इन हादसों का मुख्य कारण है।

प्रशासन हुआ सख्त, रद्द होंगे लाइसेंस
इधर इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन अब हरकत में आया है। सीएमओ मोनिका पारधी ने बताया कि हादसों को रोकने के लिए नगर परिषद की ओर से सभी नावों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिन नावों में फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) उपलब्ध नहीं होगा, उनके लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएंगे। इसके अलावा नियमों की अनदेखी करने वाले संबंधित नाव संचालकों के खिलाफ भी प्रशासन कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें