फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरपंच पति हत्याकांड:पीड़ित परिवार को मिल रही धमकियां, गुहार लगाने SP के पास पहुंचे परिजन,बुलडोजर चलाने की मांग

Tue, 22 Sep 2026 05:35 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

जिले के ग्राम बोरखेड़ा में महिला सरपंच के पति की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके साथ ही हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में कुछ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

इसी बीच मंगलवार दोपहर मृतक के परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ खंडवा एसपी से मिलने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याकांड से जुड़े लोगों की ओर से उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। परिजनों ने मांग की कि मामले में शामिल अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों के अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की गई। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि उन्हें डराने-धमकाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि 11 सितंबर की सुबह पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में सरपंच पति रूमसिंह का लहूलुहान शव खेत के पास पड़ा मिला था। घटना की जांच में गांव के ही कुछ लोगों के हत्या में शामिल होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने करीब 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों के अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर उन्हें मृतक पर मुखबिरी करने का शक था, इसी के चलते उन्होंने हत्या की साजिश को अंजाम दिया।

परिजनों ने एसपी से की शिकायत
मंगलवार दोपहर मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे। परिजनों का आरोप था कि हत्याकांड से जुड़े लोगों के परिचित और अन्य लोग उन्हें धमका रहे हैं। उन्होंने मामले में और लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: हर विधानसभा में बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मैदान के बीच होगा हेलीपैड;मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले

एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
खंडवा एसपी अगम जैन के अनुसार बोरखेड़ा गांव से मृतक के परिजन मिलने आए थे। उनसे घटना को लेकर चर्चा की गई, जिसमें उन्होंने कुछ तथ्य पुलिस के सामने रखे हैं।

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के आरोप में कुछ अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में विस्तृत विवेचना जारी है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा कि परिजनों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर उनसे चर्चा की गई है और उन्हें आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति परिजनों को डराने-धमकाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें