झाबुआ जिले के पेटलावद स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने शनिवार को संस्था के प्रिंसिपल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शनिवार सुबह स्कूल परिसर से एकजुट होकर रैली के रूप में निकले और ‘प्रिंसिपल हटाओ, शिक्षा बचाओ’ के नारे लगाते हुए जिला मुख्यालय झाबुआ की ओर कूच कर दिया। विद्यार्थियों के इस तरह सड़क पर उतरने से प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार विद्यार्थी स्कूल की कार्यशैली, मध्याह्न भोजन और व्यवस्थाओं और पढ़ाई को लेकर नाराज बताए जा रहे हैं। विद्यार्थियों का आरोप है कि स्कूल में शिक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लंबे समय से समस्याएं बनी हुई हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर शनिवार सुबह करीब 8 बजे बड़ी संख्या में विद्यार्थी स्कूल गेट से बाहर निकले और पेटलावद के विभिन्न मार्गों से होते हुए झाबुआ की ओर बढ़ने लगे। पेटलावद से झाबुआ जिला मुख्यालय की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। इतनी लंबी दूरी तक विद्यार्थियों के पैदल झाबुआ जाने की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। रास्ते में कई अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्हें समझाने और उनकी समस्याएं सुनने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी अपनी मांग पर अड़े रहे।
ये भी पढ़ें- मदरसे पर बाल आयोग का छापा, सात बच्चियों समेत 22 बच्चे रेस्क्यू; रहने की व्यवस्था में मिलीं कमियां
विद्यार्थियों को समझाने के लिए प्रभारी कलेक्टर जितेंद्र सिंह चौहान और एसडीएम सीएस सोलंकी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानने और उन्हें वापस स्कूल लौटने के लिए समझाने का प्रयास किया। हालांकि विद्यार्थियों ने अधिकारियों की बात मानने से इनकार कर दिया। विद्यार्थियों का कहना है कि वे अपनी बात सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहते हैं और इसी उद्देश्य से झाबुआ जिला मुख्यालय की ओर जा रहे हैं।
विद्यार्थियों के इस कदम ने एकलव्य स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं कि स्कूल के विद्यार्थी अपनी शिकायतों को लेकर करीब 40 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय तक जाने के लिए मजबूर हुए? क्या वास्तव में स्कूल की व्यवस्थाओं और पढ़ाई को लेकर विद्यार्थियों में लंबे समय से नाराजगी थी? या फिर कोई ऐसा मामला है, जिसे विद्यार्थी सीधे जिला प्रशासन के सामने रखना चाहते हैं? इन सभी सवालों के जवाब अब विद्यार्थियों के झाबुआ पहुंचने और प्रशासन से उनकी बातचीत के बाद ही सामने आएंगे। खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने रास्ते में मीडिया से भी बातचीत करने से इनकार कर दिया। विद्यार्थियों का कहना है कि वे झाबुआ पहुंचने के बाद ही मीडिया के सामने अपनी बात रखेंगे। ऐसे में अब सभी की नजरें जिला मुख्यालय पर टिकी हुई हैं।
समाचार भेजे जाने तक विद्यार्थियों का काफिला झाबुआ की ओर आगे बढ़ रहा था। जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद विद्यार्थी कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें उनके सामने रखने की तैयारी में हैं। इधर झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट अवकाश पर है। अब देखना होगा कि प्रशासन विद्यार्थियों की शिकायतों को किस गंभीरता से लेता है और एकलव्य विद्यालय से जुड़े इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है। इधर मीडिया से चर्चा में प्रिंसिपल प्रकाश कुमार ठाकुर ने इसे सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने कहां कि गबन के मामले पकड़े हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने उच्च अधिकारियों की है जिसके चलते स्कूल स्टाफ ने बच्चों को भड़काया है।