फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा नेताओं के बीच खूनी संघर्ष: जनपद सदस्य और मंडल अध्यक्ष के गुट टकराए, रॉड और डंडों से हमला

Sat, 24 Oct 2026 10:27 PM IST
जबलपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जबलपुर

बरेला थाना क्षेत्र के बम्हनी चौराहे पर शुक्रवार रात विवाद के बाद भाजपा से जुड़े नेताओं और उनके परिजनों के बीच मारपीट हो गई। घटना में चाकू, रॉड और डंडों से हमला किए जाने के आरोप हैं। दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, विवाद में जनपद सदस्य रामेश्वर उर्फ बंटू साहू और युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष ने लगाए चाकू और रॉड से हमले के आरोप
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के मुताबिक, ग्राम बम्हनी निवासी प्रवेश पटेल (28) ने शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे प्रदीप साहू की दुकान पर पहुंचा था। वहां रामेश्वर साहू, प्रहलाद साहू, लखन साहू और दिनेश साहू अपने साथियों के साथ प्रदीप साहू से विवाद कर रहे थे। प्रवेश के अनुसार, उसने रामेश्वर साहू से विवाद करने का कारण पूछा तो कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि इसी दौरान रामेश्वर साहू ने चाकू से हमला कर उसके पेट में चोट पहुंचाई। बचाव के दौरान रामेश्वर के बाएं हाथ और दाईं आंख के पास भी चोट आई।

ये भी पढ़ें- एसडीएम कोर्ट परिसर में किसान को महिलाओं ने चप्पलों से पीटा, जमीन विवाद की शिकायत करने से थीं नाराज

शिकायत के मुताबिक, प्रदीप साहू, दिलीप साहू, पिंकी साहू, संध्या साहू और जगदीश साहू बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी रॉड और डंडों से हमला किया गया। इसमें कई लोगों को चोटें आईं, जबकि जगदीश साहू गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। पुलिस ने इस शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 118(1), 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से बम्हनी निवासी राहुल झारिया ने शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि वह प्रदीप साहू की किराना दुकान पर राजश्री लेने गया था। उसने 500 रुपये का नोट दिया था। आरोप है कि बाकी पैसे कम लौटाने पर आपत्ति जताने के बाद प्रदीप साहू ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

राहुल के मुताबिक, वहां मौजूद शेखर राव और प्रवेश पटेल ने भी उसके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार, रामेश्वर साहू, दिनेश साहू और प्रहलाद साहू बीच-बचाव करने पहुंचे तो प्रदीप साहू, शेखर राव और प्रवेश पटेल ने रॉड व डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में राहुल झारिया सहित रामेश्वर साहू, दिनेश साहू, लखन साहू और प्रहलाद साहू को चोटें आने की बात कही गई है।

दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच में जुटी पुलिस
बम्हनी चौराहे पर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस शिकायतों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में किसकी क्या भूमिका रही और विवाद किस कारण बढ़ा, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें