मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग कार्रवाई में 137 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे का कुल मूल्य लगभग 69 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस ने पहली कार्रवाई भेड़ाघाट क्षेत्र में की, जहां लावारिस वाहन से 136 किलोग्राम से अधिक गांजा मिला। दूसरी कार्रवाई में, घमापुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने महिला को गांजे की छोटी पुड़ियों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लावारिस वाहन से बरामद हुआ 136 किलोग्राम गांजा
भेड़ाघाट पुलिस को सूचना मिली कि चौकीताल गांव के पास नहर के किनारे कच्चे रास्ते पर बिना नंबर की काली स्कार्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। सूचना मिलते पहुंची पुलिस ने देखा कि वाहन पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। गाड़ी की पीछे वाली खिड़की का कांच टूटा हुआ था और पिछला टायर भी क्षतिग्रस्त था। पुलिस अधिकारियों ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसकी डिकी में टेप से मजबूती से लिपटे हुए 12 बड़े पैकेट मिले।
ये भी पढ़ें- एमपी: 'गांजा रखकर फंसा देंगे',होटल में ठहरे कपल को धमकाते पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल, टीआई लाइन अटैच
संदिग्ध पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा भरा होना पाया गया। जब गांजे का वजन कराया गया, तो वह कुल 136 किलोग्राम 84 ग्राम निकला। बाजार में इसका अनुमानित मूल्य 68 लाख 42 हजार रुपये बताया गया है। वाहन की तलाशी में उसके अंदर से उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर वाली नंबर प्लेट भी बरामद हुई। पुलिस ने गांजे और वाहन को जब्त करके चालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
चांदमारी तलैया क्षेत्र में महिला तस्कर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में, घमापुर थाना पुलिस को मुखबिर ने बताया कि चांदमारी तलैया और टेस्टिंग रोड पहाड़ के समीप एक महिला गांजा बेचने की फिराक में खड़ी है। पुलिस ने दबिश दी, तो महिला ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान रीता कुचबंधिया (40) निवासी लालमाटी के रूप में बताई। पुलिस ने जब उसके पास मौजूद सफेद रंग के थैले की तलाशी ली, तो उसमें छोटी-छोटी पुड़ियों में गांजा रखा मिला। तौल कराने पर कुल 1 किलोग्राम 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये है।
तस्करी गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
जबलपुर जिले में एक ही दिन में इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी से हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नहर किनारे लावारिस मिली स्कार्पियो गाड़ी किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। वाहन के भीतर से मिली उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर की प्लेट के जरिये वाहन के असली स्वामी की तलाश तेज कर दी गई है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है कि यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी।