शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एसपी ऑफिस के सामने एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे वाहनों से टकरा गई। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों से भरा ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एसपी ऑफिस के सामने मुख्य सड़क की है। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ऑटो रिक्शा, बाइक समेत कई वाहनों को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने के बाद ऑटो सड़क पर पलटता दिखाई दे रहा है। राहगीरों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पढे़ं: बेटे को पीठ पर बांधकर टमस नदी पार कर रही थी मां, गहरे पानी में डूबे दोनों, मासूम की मौत; मां आईसीयू में
हादसे में भारत सिंह कुशवाह समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायल भारत सिंह कुशवाह ने घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें हादसे के बाद घायल लोग और क्षतिग्रस्त वाहन दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाए हैं। फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर फरार कार चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, एसपी ऑफिस के सामने कार की टक्कर से ऑटो पलटने के साथ कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। फरार चालक की तलाश की जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। दिनदहाड़े एसपी ऑफिस के सामने हुए इस हादसे ने शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।