जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे। आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली पुलिस पर एक बार फिर हमले की घटना सामने आई है। इस बार आरोपियों ने फरियादी के घर जांच करने पहुंचे प्रधान आरक्षक को ही निशाना बना लिया। आरोपियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में प्रधान आरक्षक के सिर, पीठ और हाथ में चोटें आई हैं। इतना ही नहीं मारपीट के दौरान उनके सिर के बाल तक उखाड़ दिए गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामला दमोह देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत आने वाले बिजोरी गांव का है। जानकारी के अनुसार जबलपुर नाका चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक भूपेंद्र पटेल एक मामले की जांच के सिलसिले में फरियादी पक्ष के घर पहुंचे थे। यहां वह संबंधित मामले को लेकर फरियादी पक्ष से जानकारी जुटा रहे थे। इसी दौरान मामले से जुड़े आरोपी पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिसकर्मी को घेर लिया और उनके साथ विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मुकदमा दर्ज होने से नाराज थे आरोपी
पीड़ित प्रधान आरक्षक भूपेंद्र पटेल के मुताबिक हमलावर पहले से ही मामले में मुकदमा दर्ज होने को लेकर नाराज थे। इसी बात को लेकर उन्होंने उनके साथ अभद्रता करते हुए हमला कर दिया। आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर, पीठ और हाथ में चोटें आईं। मारपीट के दौरान सिर के बाल भी उखड़ गए। घटना में उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया, जबकि बैग में रखे सरकारी दस्तावेजों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें: एमपी: शहडोल को 342 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे सीएम, आज ब्यौहारी में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
जिला अस्पताल में कराया गया उपचार
घटना के बाद घायल प्रधान आरक्षक को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर सूरज धाकड़ ने उनका परीक्षण कर उपचार किया। पुलिसकर्मी के साथ हुई मारपीट की जानकारी सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। देहात थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
जिले में पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। जांच और कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों पर ही हमला होना अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाता है। बिजोरी गांव की इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा और कानून का भय कायम रखने की चुनौती को सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई करती है।