फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह में आधी रात को फटा फ्रिज: जोरदार धमाके के साथ मकान में लगी आग; पुलिस ने जान जोखिम में डाल सिलिंडर निकाला

Wed, 18 Nov 2026 12:35 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

शहर के महाकाली चौक के समीप बेदरान मस्जिद क्षेत्र में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गहरी नींद में सो रहे ठाकुर परिवार के मकान में अचानक आग भड़क उठी। रात करीब दो बजे किचन में रखे फ्रिज में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज से परिवार की नींद खुली तो नीचे रसोई में आग की लपटें उठ रही थीं। कुछ ही देर में आग ने घर के सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई और सभी जान बचाकर घर से बाहर निकले।

फ्रिज में धमाके के बाद मकान में फैली आग
पीड़ित महिला आशा सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे वह पहली मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर आई थीं। इसी दौरान उनकी नजर किचन में रखे फ्रिज पर पड़ी, जिसमें आग लगी हुई थी। इसी बीच फ्रिज में ब्लास्ट हो गया। उन्होंने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को आवाज लगाकर जगाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा सामान जलने लगा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।

ये भी पढ़ें- पहले सीएम हेल्पलाइन फिर थाने पहुंचा अजीब मामला: रात एक बजे थाने आ धमकी महिला, फरियाद ऐसी कि पुलिस भी हैरान

आग की लपटों के बीच से पुलिस ने बाहर निकाला गैस सिलिंडर
घटना की सूचना मिलते ही रात में गश्त कर रही कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। नाइट गश्त प्रभारी गोदन सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान सबसे बड़ा खतरा घर में रखा एलपीजी गैस सिलिंडर था। आग की लपटों के बीच पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस की इस तत्परता से संभावित बड़े हादसे को टालने में मदद मिली।

संकरी गली बनी चुनौती, मोहल्ले के लोगों ने भी संभाला मोर्चा
मकान घनी आबादी वाले क्षेत्र की संकरी गली में स्थित होने के कारण फायर ब्रिगेड का मौके तक पहुंचना मुश्किल हो गया। ऐसे हालात में पुलिसकर्मियों और मोहल्ले के लोगों ने मिलकर आग बुझाने की जिम्मेदारी संभाली। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची और कोई जनहानि नहीं हुई।

टीवी, पंखा सहित गृहस्थी का सामान जलकर राख
इस आग में ठाकुर परिवार का टीवी, पंखा सहित गृहस्थी का अन्य सामान जलकर खराब हो गया। आग से परिवार को हजारों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। हालांकि, समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जबकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।   मौके पर आग बुझाती दमकल की टीम  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें