भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र के रावतपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतपुरा मोड़ के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों में स्कूल और कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ बुजुर्ग यात्री भी शामिल बताए जा रहे हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बस दबोह से लहार की ओर आ रही थी। इसी दौरान जैतपुरा मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में जा पलटी। हादसा इतना जोरदार था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लहार पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें- सिंहस्थ: जहां जन्मे CM मोहन, वो घर टूटेगा! 60 साल पुराने पैतृक मकान पर लाल निशान, बहन-दोस्त के घर भी जद में
घायलों के मुताबिक, बस में रोजाना की तरह स्कूल और कोचिंग जाने वाले कई बच्चे सवार थे। कुछ बुजुर्ग यात्री भी बस में मौजूद थे। यात्रियों ने बस चालक पर शराब के नशे में बस चलाने और तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने के आरोप लगाए हैं। सवारियों का कहना है कि चालक की हालत ऐसी थी कि वह अचानक बस के अंदर नीचे गिर गया, जिसके बाद उसका नियंत्रण स्टीयरिंग से हट गया और बस बेकाबू होकर खेत में पलट गई। हालांकि, चालक के शराब के नशे में होने की बात फिलहाल यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों के आरोपों पर आधारित है। इसकी पुष्टि पुलिस की जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज लहार में जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, चालक की स्थिति क्या थी और बस की रफ्तार कितनी थी, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।