लखनऊ राजधानी के परिवर्तन चौक से आईटी चौराहा जाने वाले व्यस्त मार्ग पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा के आवास के ठीक सामने अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। व्यस्त मुख्य मार्ग होने के कारण सड़क धंसने से हादसों का खतरा बन गया है और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क का बड़ा हिस्सा धंस जाने से अचानक तेज रफ्तार गाड़ियों के अनियंत्रित होने का डर बना हुआ है। सूचना मिलने के बावजूद खबर लिखे जाने तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका है, जिसके चलते लोग ट्रैफिक जाम और दुर्घटना की आशंका से चिंतित हैं। राहगीरों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से तुरंत संज्ञान लेकर गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की है।