लखनऊ के चिनहट के मल्हौर स्थित न्यू एमिटी कॉलेज के गेट नंबर 3 के बाहर जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर जलजमाव हो गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कॉलेज के बच्चे सड़क पर भरे पानी से बचने के लिए वहां लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के सहारे निकलने को मजबूर हैं। ट्रांसफार्मर का निचला हिस्सा पानी में डूबा हुआ है, जिससे करंट या अर्थिंग उतरने का गंभीर खतरा बना हुआ है। थोड़ी सी भी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली विभाग और नगर निगम समय रहते सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई करा देता, तो बारिश के बाद यह स्थिति न बनती। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का निस्तारण करने और ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।