राज्य ललित कला अकादमी के लाल बारादरी भवन, कैसरबाग में सोमवार को कलाकार चंदन सिंह की चार दिवसीय एकल कला प्रदर्शनी ‘माटी में सोना हिराई गयो’ का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रख्यात कलाकार डॉ. अवधेश मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा और श्री अभिनव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रदर्शनी में कलाकार चंदन सिंह ने अपनी विशेष कलात्मक शैली के माध्यम से माटी, लोक-संवेदना और सांस्कृतिक स्मृतियों को कैनवास पर उकेरा है। उनकी कृतियों में लोकजीवन से जुड़े भावों और सांस्कृतिक परिवेश की झलक देखने को मिलती है। प्रदर्शनी के माध्यम से कलाकार ने मिट्टी और उससे जुड़े जीवन के अनुभवों को कलात्मक रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। चार दिवसीय यह प्रदर्शनी 21 से 24 सितंबर तक कला प्रेमियों और दर्शकों के लिए खुली रहेगी। इस दौरान लोग प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न कलाकृतियों को देख सकेंगे। प्रदर्शनी की क्यूरेटोरियल एडवाइजर दावंगी पाठक हैं। आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी का उद्देश्य लोक-संवेदना और सांस्कृतिक स्मृतियों से जुड़ी कला को दर्शकों तक पहुंचाना है।