गोमतीनगर स्थित समतामूलक चौराहे (गोमती बैराज) के पास भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने यूपीपीसीएल कार्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। अपनी मांगों को लेकर किसानों ने कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन कर रहे किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने का मूल्य तत्काल घोषित करना, यूपीपीसीएल के भ्रष्ट अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कराना और बेमौसम बारिश से प्रभावित फसलों का मुआवजा देना शामिल है। इसके अलावा किसानों ने डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। किसान नेताओं का कहना है कि किसानों से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का ऐलान किया गया है।