जानकीपुरम स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सीतापुर रोड के पिछले गेट से लगे जंगल में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे नीम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे एक युवती का शव लटका मिला। साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकान लगाने वाले दीन मोहम्मद ने पेड़ों की आड़ में शव देखा और संस्थान के गार्ड को सूचना दी। गार्ड की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। एडीसीपी नॉर्थ नवीन कुमार सिंह, एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा और इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक युवती ने काला टॉप और लोअर पहन रखा था। शव के पास चप्पल और मोबाइल फोन मिला है। प्रत्यक्षदर्शियों ने हत्या के बाद शव लटकाए जाने की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की संभावना मान रही है। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। देर शाम तक युवती की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान व घटना की जांच शुरू कर दी है।