बारूद खाना स्थित एएस अपार्टमेंट का पिलर टूटने के बाद बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एहतियात के तौर पर आसपास के रास्तों को पुलिस ने चारों ओर से बंद कर दिया है। मौके पर पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अपार्टमेंट के आसपास एलडीए की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों से दूर रहने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित हादसे या बिल्डिंग गिरने की स्थिति में भगदड़ जैसी स्थिति न बने, इसलिए लोगों को अपार्टमेंट से दूर रखा जा रहा है। डीजी फायर पद्मजा भी मौके पर पहुंची हैं और स्थिति का निरीक्षण कर रही हैं। आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।