फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: भरवारा क्रॉसिंग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसी, एक घंटे प्रभावित रहा रेल संचालन

लखनऊ-बाराबंकी रेल मार्ग पर शनिवार सुबह मल्हौर स्थित भरवारा क्रॉसिंग के पास सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर फंस गई। इसके चलते करीब एक घंटे से अधिक समय तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। लखनऊ से चलकर बाराबंकी के रास्ते जाने वाली मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को भरवारा क्रॉसिंग से पहले ही रोकना पड़ा। वहीं बाराबंकी की ओर से लखनऊ आने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। स्थानीय निवासी भरत ने बताया कि, शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पर मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसी दौरान भरवारा क्रॉसिंग पर सड़क की मरम्मत के लिए खुदाई की गई थी। काम पूरा न होने के कारण शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रॉसिंग से निकल रही थी। इसी दौरान उसका पिछला पहिया खुदाई वाले हिस्से में धंस गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर फंस गई। ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में अफरातफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों को भरवारा क्रॉसिंग से पहले ही रोक दिया गया। इससे आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं और कई ट्रेनें एक घंटे से ज्यादा देरी से चलीं। उधर, ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने से क्रॉसिंग पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में स्कूली बच्चे और राहगीर भी फंसे रहे। रेलवे और संबंधित कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रैक से बाहर निकलवाया। इसके बाद रेल मार्ग को सुरक्षित किए जाने पर ट्रेनों का संचालन दोबारा सामान्य हो सका।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें