समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई और सुझाव मिले हैं। उन्होंने शिक्षक नेता लाल बिहारी यादव के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षकों की आवाज उठाई है। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसे किस तरह वित्तीय रूप से लागू किया जाएगा, इसकी पूरी जानकारी पार्टी अपने घोषणापत्र में देगी। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने की व्यवस्था करने की भी बात कही। इसके अलावा मदरसों की सेवाएं बहाल करने, संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं का समाधान करने और शिक्षा मित्रों की पुरानी व्यवस्था को लागू कर उन्हें शिक्षक बनाने का दावा किया।