संवाद न्यूज एजेंसी झांसी। राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय के विद्यार्थियों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को पैदल मार्च निकाला। विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। उनका कहना है कि मौजूदा स्टाइपेंड उनकी जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों ने शासन-प्रशासन से स्टाइपेंड में बढ़ोतरी करने की मांग की। पैदल मार्च के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे भी लगाए। उनका कहना है कि लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।