इंडियन रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा IRCTC ने एक दिन में टिकट बुकिंग का नया रिकॉर्ड बना दिया है। त्योहारों के सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच 20 लाख से ज्यादा टिकट एक ही दिन में बुक किए गए हैं।IRCTC के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को कुल 20 लाख 6 हजार 353 टिकट बुक किए गए। बताया जा रहा है कि त्योहारों के सीजन में एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के तहत बढ़ी टिकट बुकिंग इस रिकॉर्ड की बड़ी वजह है।
इससे एक दिन पहले यानी 8 सितंबर को भी करीब 19 लाख 50 हजार टिकट बुक किए गए थे। अगर पिछले साल की बात करें तो एक दिन में सबसे ज्यादा करीब 18 लाख 40 हजार टिकट बुक हुए थे। लेकिन इस बार IRCTC ने 20 लाख का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बना दिया है।
आंकड़ों से यह भी साफ है कि यात्रियों का रुझान ऑनलाइन टिकट बुकिंग की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। अब करीब 89 फीसदी रिजर्व टिकट ऑनलाइन बुक किए जा रहे हैं, जबकि सिर्फ लगभग 11 फीसदी टिकट ऑफलाइन बुक हो रहे हैं।यानी भारतीय रेल में ऑनलाइन टिकट बुकिंग का चलन लगातार बढ़ रहा है और IRCTC का यह नया रिकॉर्ड इसकी बड़ी मिसाल है।
IRCTC के मुताबिक, सिस्टम में Anti-BOT और CDN तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे BOT ट्रैफिक में करीब 55 से 65 फीसदी तक कमी आई है. इसके साथ ही फर्जी वेबसाइट और ऐप के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. IRCTC के अनुसार, अधिकृत एजेंट जैसे YTSK और RTSA सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक ARP टिकट बुक नहीं कर सकते. वहीं, 12 अक्टूबर 2025 से ओपनिंग ARP विंडो में टिकट बुक करने के लिए आधार वेरिफाइड यूजर होना जरूरी किया गया है.
IRCTC ने टिकटों की गलत तरीके से बुकिंग रोकने के लिए फर्जी यूजर ID पर भी कार्रवाई की है. IRCTC के दावे के मुताबिक, अब तक 3.04 करोड़ यूजर ID बंद की जा चुकी हैं, जबकि 6.33 करोड़ ID को री-वैलिडेशन के लिए भेजा गया है. इसके अलावा 16,041 संदिग्ध ईमेल डोमेन भी ब्लॉक किए गए हैं. IRCTC का कहना है कि इन तकनीकी बदलावों और फर्जी बुकिंग पर कार्रवाई का असर अब टिकट बुकिंग सिस्टम की क्षमता और स्पीड में दिखाई दे रहा है.