कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने ग्राम पंचायत पहलाटा के हरोट गांव का दौरा कर ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और क्षेत्रवासियों द्वारा उनके समक्ष रखी गई विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है। उनका उद्देश्य है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि घर-द्वार पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधा संवाद लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। जब जनप्रतिनिधि स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की परेशानियां सुनते हैं तो समस्याओं को समझने और उनका समाधान करवाने में आसानी होती है। विधायक ने कहा कि 'मेरा कुटलैहड़, मेरा परिवार' की भावना के साथ वह विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार से जुड़कर काम कर रहे हैं। क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने श्री सिद्ध बाबा बालकनाथ जी की पावन गुफा में दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया।