शारदीय नवरात्रों के दौरान शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। नवरात्रों के दौरान अब तक करीब दो लाख श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु मां के दर्शन करने के लिए चिंतपूर्णी पहुंच रहे हैं। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रों का मेला शांतिपूर्वक तरीके से चल रहा है। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर प्रबंध किए गए हैं, ताकि मां के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है। श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से मां के दर्शन करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि नवरात्रों के दौरान मां के दरबार में आने वाले श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से दर्शन कर सकें और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।