सरकारी धनराशि का समय पर उपयोग सुनिश्चित करें और लंबित ऑडिट पैरों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करें। विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति के सभापति संजय रत्न ने गुरुवार को ऊना में आयोजित बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता बरती जाए और लंबित वित्तीय मामलों के निपटारे में अनावश्यक देरी न हो। जिला परिषद सभागार में आयोजित बैठक में समिति के सदस्य एवं विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, मलेंद्र राजन, कुलदीप सिंह राठौर और विवेक शर्मा भी उपस्थित रहे। समिति ने विभिन्न विभागों के लंबित ऑडिट पैरों, वित्तीय प्रबंधन और सरकारी धन के उपयोग की समीक्षा की। सभापति ने निर्देश दिए कि 31 दिसंबर तक निपटाए जा सकने वाले ऑडिट पैरों की पहचान कर उनके निपटारे के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।