उपायुक्त जतिन लाल ने राजस्व अधिकारियों को जिले में राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती (करेक्शन) के सभी लंबित मामलों का निपटारा 15 दिसंबर तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भी इस विषय पर विशेष फोकस है। उन्होंने अधिकारियों को इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने को कहा । उपायुक्त ने निशानदेही और तकसीम के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने तथा इंतकाल (म्यूटेशन) और जमाबंदी से जुड़े मामलों की पेंडेंसी कम करने के निर्देश भी दिए। वह वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में राजस्व अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और जिले के अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे। जतिन लाल ने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा में उनका निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।