कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की बटूही पंचायत के बदोली गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए चल रहे सड़क निर्माण कार्य का विधायक विवेक शर्मा ने निरीक्षण किया। करीब सवा किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 1.35 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क का करीब 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य को भी जल्द पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने संबंधित अधिकारियों से सड़क निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और शेष कार्य को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियादी आवश्यकता है और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बनाने में आसानी होती है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका संकल्प है और इसी लक्ष्य को लेकर वह लगातार क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।