दीपावली का त्योहार रोशनी, रंगों और खुशियों का प्रतीक है। इस पर्व की उमंग आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में भी देखने को मिली, जहां दीपावली के उपलक्ष्य पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों का इस्तेमाल करते हुए आकर्षक और सुंदर रंगोलियां तैयार कीं। किसी ने पारंपरिक डिजाइनों को चुना तो किसी ने अपनी कल्पनाशीलता से अलग-अलग आकृतियों को रंगोली का रूप दिया। विद्यार्थियों की कलाकृतियों ने विद्यालय परिसर को रंगों से सजा दिया। रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने दीपावली के उल्लास, उमंग और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस गतिविधि में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे विद्यालय में त्योहार जैसा माहौल नजर आया। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी कला और रचनात्मक सोच दिखाने का अवसर देते हैं। साथ ही त्योहारों से जुड़ी सांस्कृतिक परंपराओं को समझने और उनसे जुड़ने का भी मौका मिलता है।