हिमाचल प्रदेश गौसेवा आयोग के सदस्य अरुण पटियाल ने शुक्रवार को आयोग के सदस्य सूबेदार संजीव पटियाल के साथ सारांश गर्ग फाउंडेशन की ओर से संचालित गौशाला कैंट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में बेसहारा गोवंश के संरक्षण और देखभाल के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अरुण पटियाल ने गौशाला में आश्रय प्राप्त बेसहारा एवं असहाय गोवंश के लिए चारे-पानी, स्वच्छता, आवासीय सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने फाउंडेशन की ओर से गोवंश की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहा। सदस्य ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद फाउंडेशन जिस समर्पण भाव से बेसहारा गोवंश की सेवा और संरक्षण में जुटा है, वह सराहनीय है। दौरे के दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं और सामने आ रही समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि गौशाला की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।