विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी में 11 से 20 अक्तूबर 2026 तक आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर सोमवार को एसडीएम अंब पारस अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे चिंतपूर्णी क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 400 पुलिस और होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल मेलाधिकारी तथा डीएसपी मेला पुलिस अधिकारी के तौर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। श्रद्धालुओं की लाइन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और अवैध रूप से लाइन में प्रवेश करने वालों पर रोक लगाने के लिए बैरिकेडिंग तथा नाकेबंदी के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। गेट नंबर 1 और 2 के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। दुकानों के अंदर से निकलने वाले रास्तों को भी पूरी तरह बंद रखा जाएगा, ताकि भीड़ प्रबंधन में किसी तरह की परेशानी न हो। मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सख्त रहेगा। पॉलीथीन और प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के चालान किए जाएंगे। वहीं खुले में सिगरेट और तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने के साथ सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मेले के दौरान दुकानों के लाइसेंस की भी जांच की जाएगी।