शहर के वार्ड-12 में निक्षय मित्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एएनएम और आशा वर्करों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर सहित अन्य जांचें की गईं, जबकि टीबी की आशंका वाले लोगों के एक्सरे भी करवाए गए। एएनएम मोनिका वासन ने बताया कि शिविर में लोगों के बीपी और शुगर की जांच की गई। इसके अलावा टीबी के संभावित मरीजों की पहचान के लिए एक्सरे भी करवाए गए। जिन लोगों में टीबी होने का संदेह पाया गया, उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल जाने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निक्षय मित्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य जांच कर टीबी के संभावित मामलों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक इन शिविरों में 100 से अधिक लोग स्वास्थ्य जांच के लिए पहुंच चुके हैं।