शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम अब लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बनता जा रहा है। त्योहारों का सीजन समाप्त होने के बाद भी सोलन में यातायात व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट रही है। सोमवार को सुबह से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सबसे ज्यादा परेशानी माल रोड पर देखने को मिली, जहां करीब 300 मीटर का सफर तय करने में ही लोगों को 20 से 25 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। पुराने बस स्टैंड से पुराने उपायुक्त कार्यालय तक वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही। कम दूरी होने के बावजूद वाहन चालकों को जाम में काफी समय बिताना पड़ा। इससे नौकरीपेशा लोगों, स्थानीय निवासियों और जरूरी काम से शहर आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। माल रोड के अलावा मशरूम चौक से राजगढ़ रोड और बाईपास की तरफ भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से वाहन चालकों को बार-बार रुकना पड़ा। हालांकि, शहर में अलग-अलग स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या और अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार माल रोड पर अवैध पार्किंग और वाहनों की भीड़ जाम की प्रमुख वजह बन रही है। सड़क के किनारे खड़े वाहनों के कारण पहले से सीमित सड़क की जगह और कम हो जाती है। ऐसे में एक साथ अधिक वाहन पहुंचने पर यातायात बाधित हो जाता है। लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्ती और यातायात प्रबंधन में सुधार की जरूरत है। आमतौर पर सोलन में सुबह स्कूल खुलने और दोपहर या शाम को छुट्टी होने के समय यातायात का दबाव बढ़ता था। इन समयों में स्कूल बसों, निजी वाहनों और कार्यालय जाने वाले लोगों की आवाजाही के कारण जाम लगता था। लेकिन अब स्थिति बदलती नजर आ रही है। शहर में दिनभर वाहनों की आवाजाही के कारण जाम बना रहता है। इससे लोगों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है और रोजाना आने-जाने वालों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। सोलन में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए माल रोड सहित प्रमुख मार्गों पर बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत महसूस की जा रही है। अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, व्यस्त स्थानों पर प्रभावी यातायात नियंत्रण और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने जैसे कदमों से लोगों को राहत मिल सकती है। फिलहाल शहरवासियों को जाम से निजात मिलने का इंतजार है।