राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चायल में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का वीरवार को समापन हो गया। 16 से 22 अक्तूबर तक चले इस शिविर में 10 लड़कों और 23 लड़कियों सहित कुल 33 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। कार्यक्रम अधिकारियों संजय और पूनम ने शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। स्वयंसेवी योगेश ठाकुर ने बताया कि शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य मोहन लाल ने किया था। सात दिनों तक स्वयंसेवियों ने गोद लिए गांव मिहानी के रास्तों और बावड़ी की सफाई की। इसके अलावा अस्पताल और विद्यालय परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया। स्वयंसेवियों ने झाड़ियों को काटकर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया। शिविर के दौरान प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरी निकाली गई और स्वयंसेवियों को योग क्रियाएं भी करवाई गईं। उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण, टीबी मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करना रहा। समापन समारोह में क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं ग्राम पंचायत चायल के प्रधान पंकज ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए स्वच्छता और अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।