सिरमौर जिले में शनिवार दोपहर बाद मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया। जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगते आईटीआई के पास नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर बारिश के चलते मलबा आ गया। इससे सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। वहीं सड़क के साथ लगती कुछ दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश से जिले की नदी-नाले उफान पर हैं। मारकंडा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। बारिश और भूस्खलन के कारण जिलेभर में 15 सड़कें और 39 पेयजल योजनाएं प्रभावित होकर ठप पड़ी हैं। इससे कई क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही और पेयजल आपूर्ति संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, नाहन-ददाहू एनएच पर नेहली के पास भूस्खलन के कारण बंद सड़क तीन दिन बाद भी बहाल नहीं हो पाई है। सड़क बहाल न होने से क्षेत्र के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।