नाहन विधानसभा क्षेत्र की आमवाला सैनवाला पंचायत में 77 फीट ऊंचा रावण का पुतला इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंचायत और ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से इसे तैयार किया है। रात के समय रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाता यह विशाल पुतला स्थानीय लोगों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से गुजरने वाले राहगीरों का भी ध्यान खींच रहा है। रावण का यह पुतला तैयार करने में ललित तोमर, युद्धवीर सिंह फौजी, वेद प्रकाश सहित अन्य ग्रामीणों ने करीब एक माह तक मेहनत की। पंचायत प्रधान सीमा तोमर और पूर्व प्रधान संदीपक तोमर ने बताया कि गांव में हर साल ग्रामीण आपसी सहयोग से बुराई के प्रतीक रावण का पुतला तैयार करते हैं और दशहरे पर उसका दहन किया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, 77 फीट ऊंचा यह पुतला सिरमौर जिले में दहन किए जाने वाले रावण के पुतलों में सबसे ऊंचा है। इसे तैयार करने के लिए ग्रामीणों ने मिलकर एक महीने तक काम किया। रात में रोशनी से जगमगाता यह पुतला दूर से ही लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। पंचायत प्रधान सीमा तोमर और पूर्व प्रधान संदीपक तोमर ने बताया कि रावण के पुतले का दहन मंगलवार शाम सात बजे किया जाएगा। पुतले के विशाल आकार और आकर्षक रोशनी के चलते इसे देखने के लिए क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है।