फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: पांच साल बाद रेणुकाजी में फिर खुली सोविनर शॉप, पर्यटक खरीद सकेंगे वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी वस्तुएं

Ankesh Dogra Updated Tue, 08 Sep 2026 04:14 PM IST

प्रसिद्ध रेणुकाजी तीर्थ में पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए वन्य प्राणी विभाग ने नई सुविधा शुरू की है। करीब पांच साल बाद रेणुकाजी में सोविनर शॉप दोबारा खोल दी गई है। परिक्रमा मार्ग के मुख्य प्रवेश द्वार पर शुरू की गई इस दुकान का नाम ‘एनिमल्स प्लैनेट’ रखा गया है। दुकान का उद्देश्य पर्यटकों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी यात्रा को यादगार बनाना है। यहां वन्यजीव संरक्षण का संदेश देने वाली विभिन्न वस्तुओं के अलावा दैनिक उपयोग का सामान भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। पर्यटक अपनी पसंद की वस्तुएं खरीदकर इन्हें स्मृति चिन्ह के तौर पर घर ले जा सकेंगे। पांच साल पहले बंद हो गई थी दुकान करीब पांच वर्ष पूर्व वन्य प्राणी विभाग ने अपने स्तर पर रेणुकाजी में सोविनर शॉप शुरू की थी। हालांकि, कर्मचारियों की कमी और दुकान में सामान खत्म होने के कारण यह व्यवस्था लंबे समय तक संचालित नहीं हो सकी। धीरे-धीरे दुकान बंद हो गई और पर्यटकों को यहां स्मृति चिन्ह खरीदने की सुविधा भी नहीं मिल रही थी। अब पर्यटकों की मांग को देखते हुए विभाग ने इसे नए स्वरूप में दोबारा शुरू किया है। ‘एनिमल्स प्लैनेट’ में कई तरह की वस्तुएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इनमें की-रिंग, लेडीज पर्स, थर्मस, पानी की बोतलें, टेडी बियर, गुलदस्ते, स्टीकर और बच्चों के खिलौने शामिल हैं। इसके अलावा जूस, मिल्क पैक, जैम, बिस्कुट और चिप्स समेत रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाला सामान भी दुकान में उपलब्ध है। वन्यजीव संरक्षण से संबंधित वस्तुएं पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। खासकर बच्चों के लिए उपलब्ध वन्यजीव आधारित खिलौने और सामग्री उन्हें पसंद आ रही है। विभाग का मानना है कि पर्यटक इन वस्तुओं को अपने साथ घर ले जाकर रेणुकाजी में बिताए समय की यादों को लंबे समय तक संजोकर रख सकेंगे। अंकित मूल्य पर मिलेगा सामान, बिल भी मिलेगा सोविनर शॉप में रखी सभी वस्तुओं के दाम निर्धारित किए गए हैं। पर्यटकों को सामान अंकित मूल्य पर ही उपलब्ध करवाया जाएगा। यहां खरीदारी के दौरान मोलभाव की व्यवस्था नहीं होगी। प्रत्येक वस्तु तय कीमत पर दी जाएगी और खरीदारी के बाद पर्यटकों को बकायदा बिल भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे सामान की कीमत को लेकर किसी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं रहेगी। वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ डॉ. शाहनवाज अहमद भट्ट ने बताया कि पर्यटकों की मांग को ध्यान में रखते हुए परिक्रमा मार्ग के मुख्य प्रवेश द्वार पर सोविनर शॉप दोबारा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटक यहां से दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ अपनी पसंद के स्मृति चिन्ह भी खरीदकर घर ले जा सकते हैं। इससे रेणुकाजी में बिताए गए उनके पल और भी यादगार बनेंगे। डीएफओ ने बताया कि इस बार सोविनर शॉप का संचालन अन्य पर्यटन स्थलों की तर्ज पर ठेके पर दिया गया है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें